मुसलमानों को दोयमदर्जे का नागरिक बनाने मोदी सरकार बिछा रही है बिसात: डा. भालचंद्र मुणगेकर


पुणे, 26 दिसंबर, भा.प्र.: भारत में मुसलमानों को दोयम दर्जे का नागरिक बनाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार चाल पर चाल चल रही है। इसके लिए बाकायदा सरकारी षडयंत्र किया जा रहा है किंतु यह देश मुसलमानों के साथ यह अन्याय नहीं होने देगा। देश के मुसलमानों के साथ करोडों हिन्दू भी हैं, यह बात सरकार को नहीं भूलनी चाहिए। यह मत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्य सभा सांसद डा. भालचंद्र मुणगेकर ने यहां पुणे में व्यक्त किया। 



 राजीव गांधी स्मारक समिति पुणे की ओर से आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गोपालदादा तिवारी ने किया था। इसी संवाददाता सम्मेलन में डा. मुणगेकर बोल रहे थे। 



 डा. मुणगेकर ने कहा कि नागरिकता कानून, एनपीआर और एनआरसी यह तीनों एक दूसरे के पूरक हैं और इसीलिए मोदी सरकार इन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि अकेले एनपीआर पर ही 4 लाख 33 हजार करोड रूपए खर्च आने वाला है। एक तरफ कमर टूट चुकी देश की  अर्थव्यवस्था को सुधारने के प्रयासों की जरूरत होते हुए सरकार इतनी बडी धनराशि उसके लिए खर्च कर रही है जो अभी जरूरी ही नहीं है। यह वास्तव में मुस्लिमों को परेशान करने के लिए ही किया जा रहा है। 
 डा. भालचंद्र ने कहा कि पहली बार ऐसे राजनीतिक मुददे पर पूरा देश सडकों पर उतर आया है। युवाओं, बुद्धिजीवियों, महिलाओं और  मुसलमानों ने अपने-अपने तरीके से विरोध प्रर्दशन किया। मेरा यहां देश के मुसलमानों से कहना है कि वे अकेले विरोध प्रदर्शन न करें। उनके साथ हिंदू भी हैं। 



 डा मुणगेकर ने कहा कि आदिवासी दलित और अनपढ गरीब एनआरसी के लिए आवश्यक दस्तावेजों का प्रबंध कैसे कर पाएगा? सरकार ने यह प्रयोग आसाम जैसे राज्य में करके देखलिया है जहां एनआरसी के बाद लाखों की संख्या में भारतीय नागरिक छूट गए हैं जिनमें मुसलमानों के साथ भारत के हिंदू भी हैं। यही स्थिति पूरे देश की होने वाली है। 



 उन्होंने कहा कि, आरएसएस प्रमुख देश के सवा सौ करोड लोगों को हिंदू बताते हैं जो कि  सरासर आपत्तिजनक है। इस देश का संविधान सभी को अपने धर्म में आस्था रखने की अनुमति देता है। मुसलमानों, सिखों, जैनियों, बुद्धिस्टों को आप हिंदू कैसे बता सकते हैं। वास्तव में यह आरएसएस का हिन्दुत्व का एजेंडा है जिस पर कंेद्र सरकार काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस एजेंडे को देश में कभी सफल नहीं होने देगी। 



 डा. मुणगेकर ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के उस बयान को भी आपत्तिजनक बताया जिसमें उन्होंने दंगाइयों पर पुलिसिया कार्रवाई का समर्थन किया था। मुणगेकर ने कहा कि पीएम और होम मिनिस्टर से ऐसी ओछी सोच की अपेक्षा यह देश नहीं रखता था।